आज होगी चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक 

चंडीगढ़, 30 अप्रैल- चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक आज (30 अप्रैल) मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में होगी। एक महीने के अंदर यह दूसरी बैठक है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस होने की उम्मीद है। 
बैठक में शहर के विकास से जुड़ी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं पर चर्चा होगी। 24 नए और अनुपूरक प्रस्तावों के साथ ही कई लंबित प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी। नये प्रस्तावों में सड़क मरम्मत एक बड़ा मुद्दा होगा। रोड डिवीजन नंबर 1 के तहत सड़कों और पार्किंग क्षेत्रों की री-कारपेटिंग के लिए 1710.93 लाख रुपये का संशोधित बजट पारित होने की उम्मीद है।

इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अटावा, बुड़ैल, मलोआ, कजहेड़ी और दादूमाजरा सहित 10 क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए एक औपचारिक समझौते का प्रस्ताव रखा जाएगा। सड़क कार्यों में तेजी लाने के लिए 242.67 लाख रुपये की लागत से चार टिपर और तीन हाइड्रोलिक उत्खनन-सह-लोडर की खरीद पर भी चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा एजेंडे में स्विस चैलेंज मोड के तहत गीले कचरे को जैविक खाद में बदलने के लिए एंजाइमैटिक कार्बनिक यौगिकों पर आधारित एक नई परियोजना शुरू करने का प्रस्ताव भी है।

 
#आज होगी चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक