जम्मू में बड़ा हादसा: निर्माण कार्य के दौरान गिरा पुल, कई मजदूरों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जम्मू, 1 मई - जम्मू के दोमाना के ठठर क्षेत्र में शुक्रवार को पुराने पुल के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना के समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से 5 से 7 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है। जबकि एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह, तहसीलदार जम्मू नॉर्थ अमन आनंद, एडीसी शेर सिंह राणा, एमएलए जम्मू नॉर्थ शाम लाल शर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी राहत कार्य में जुट गई हैं।
जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अब तक एक शव बरामद किया गया है और दो मजदूर सुरक्षित बचा लिए गए हैं और चार के फंसे होने की आशंका है। एंबुलेंस भी मौके पर तैनात हैं और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए हैं। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

