जम्मू पुलिस ने की नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,नशा तस्करों के घर भी गिराए
जम्मू, 23 अप्रैल - जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के निर्देश पर जम्मू पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर अभियान चलाया।आज पुलिस स्टेशन त्रिकुटा नगर, पुलिस पोस्ट नरवाल और पुलिस पोस्ट बठिंडी की टीमों ने एसपी साउथ के नेतृत्व में बठिंडी के राजीव नगर इलाके में एक संयुक्त कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान कुख्यात नशा तस्कर रॉकी (पुत्र राजू) के घर पर बुलडोजर चलाया गया, जो राजीव नगर का निवासी है।रॉकी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं और वह नशा तस्करी से अर्जित धन से अवैध निर्माण करने का आरोपी है।वही 2 और नशा तस्करों के घर भी गिराए गए हैं मौके पर मौजूद फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान रॉकी के तीन अवैध ढांचे गिराए गए हैं, जो उसने कथित तौर पर नशा बेचकर बनाए थे। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और अब तक किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या सामने नहीं आई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो आरोपी फरार हैं, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

