नीट रद्द होने और परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ कर्नाटक में एएसयूआई का प्रदर्शन
नई दिल्ली , 13 मई कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) रद्द किए जाने की निंदा करते हुए कर्नाटक के कई हिस्सों में बुधवार को विरोध प्रदर्शन किए।
प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर इस राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा की शुचिता की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
बेंगलुरु, मैसुरु, चिक्कबल्लापुर, हुब्बली, रायचूर और बागलकोट में विरोध प्रदर्शन किए गए। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा में कथित अनिमितताओं के खिलाफ नारेबाजी की और प्रश्न पत्र लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एनएसयूआई के एक नेता ने कहा, “अगर अधिकारी राष्ट्रीय स्तर की अहर्ता परीक्षा उचित तरीके से आयोजित कराने के लिए सक्षम नहीं है, तो इससे पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।”

