US: नाइजीरिया में मारा गया ISIS का दूसरा सबसे बड़ा कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी, राष्ट्रपति ट्रंप ने दी जानकारी


अबुजा, 16 मई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया में आईएसआईएस के दूसरे सबसे बड़े कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराने की घोषणा की। अमेरिकी और नाइजीरियाई सेना ने मिलकर यह जटिल ऑपरेशन किया। ट्रंप ने कहा कि इससे दुनिया भर में आईएसआईएस की आतंकी गतिविधियां कमजोर होंगी।
ट्रंप ने दी जानकारी
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस खबर को साझा किया। उन्होंने बताया कि यह एक बहुत ही जटिल और सुनियोजित मिशन था। अमेरिकी सेना और नाइजीरियाई सशस्त्र बलों ने मिलकर इस ऑपरेशन को पूरी सटीकता के साथ अंजाम दिया। ट्रंप ने अल-मिनुकी को दुनिया का सबसे सक्रिय आतंकवादी बताया।
कौन है अबू-बिलाल अल-मिनुकी?
अबू-बिलाल अल-मिनुकी को अबू बक्र इब्र मुहम्मद इब्र अली अल-मैनुकी के नाम से भी जाना जाता था। वह मुख्य रूप से अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में सक्रिय था। यह क्षेत्र अटलांटिक महासागर से लाल सागर तक करीब 5,900 किलोमीटर में फैला है। इसमें सेनेगल, मॉरिटानिया, माली, बुर्किना फासो, नाइजर, नाइजीरिया, चाड और सूडान जैसे देश शामिल हैं। इसके अलावा इसका प्रभाव गाम्बिया, गिनी, कैमरून और इरिट्रिया तक भी था।

अल-मिनुकी इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस (ISWAP) का वरिष्ठ कमांडर था। वह आईएसआईएस के लेक चाड डिवीजन के ऑपरेशनों का नेतृत्व करता था। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी गुटों को पैसा और निर्देश पहुंचाने का काम करता था। उसकी खतरनाक गतिविधियों को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने जून 2023 में उसे विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी (SDGT) घोषित किया था। ट्रंप ने इस मिशन को अंजाम देने वाले सैनिकों की बहादुरी की तारीफ की और इसे दुनिया के लिए एक बड़ी राहत बताया।

#US: नाइजीरिया