ईद की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में पिता की मौत, पत्नी और बेटा घायल
कुरुक्षेत्र, 28 मई (रामपाल शर्मा)- हरियाणा के अंबाला-शाहाबाद नेशनल हाईवे पर जीटी रोड स्थित अमन डीलक्स ढाबे के पास ईद के त्यौहार वाले दिन एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जिसने एक हंसते-खेलते मुस्लिम परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद के नजदीकी गांव लंडा का रहने वाला एक परिवार मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था, तभी अमन डीलक्स के पास उनकी मोटरसाइकिल अचानक एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के नीचे जा घुसी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति (पिता) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि उनकी पत्नी और मासूम बेटा इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जीटी रोड पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर मौजूद राहगीरों व स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया है। ईद के पावन पर्व पर हुए इस भयानक हादसे की खबर जैसे ही गांव लंडा में पहुंची, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और पीड़ित परिवार के घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

