दिल्ली में बड़ा हादसा: साकेत में ढही इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका
नई दिल्ली, 30 मई - दिल्ली से एक भीषण दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। साकेत इलाके में पांच मंजिला इमारत गिर गई है, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना का पता चलते ही मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंच गई है और मलबे को हटाने के काम में लग गई है। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, पूरी पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई और कुछ ही क्षणों में मलबे के बड़े ढेर में तब्दील हो गई।
शनिवार की शाम 07:44 बजे दमकल विभाग को घटना की सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक इमारत के अंदर और आसपास कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
बचाव दल फिलहाल घटनास्थल पर सक्रिय हैं। अग्निशमन विभाग के अनुसार, उन्हें शाम 7:44 बजे सूचना मिली थी। अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया, 'हमने घटनास्थल पर चार दमकल गाड़ियां भेजी हैं और आगे की जानकारी का इंतजार है।' अब तक मलबे से चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इमारत के भूतल पर एक कोचिंग संस्थान संचालित होता था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर निर्माण कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में फंसे लोगों में छात्र भी शामिल हो सकते हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि यह कांच की बाहरी दीवारों वाली एक व्यावसायिक इमारत थी। फिलहाल यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि हादसे के समय अंदर कितने लोग मौजूद थे। आमतौर पर इस इमारत में 300 से 400 लोग रहते थे, हालांकि उम्मीद है कि हादसे के वक्त अंदर लोगों की संख्या कम रही होगी।

