रूस के तेल ठिकानों पर यूक्रेन का ड्रोन हमला, लगी आग
कीव, 30 मई - यूक्रेन के ड्रोन हमलों से शनिवार सुबह रूस की तेल सुविधाओं में आग लग गई। रूसी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इसे मॉस्को के अहम तेल उद्योग पर किए गए ताजा हमलों में से एक माना जा रहा है।
रूस के रोस्तोव क्षेत्र के अधिकारियों ने कहा कि ड्रोन के गिरे हुए मलबे से तगानरोग बंदरगाह में एक तेल डिपो और एक टैंकर में आग लग गई, जिससे नुकसान हुआ। वहीं, पड़ोसी क्रास्नोदार क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि इसी वजह से आर्माविर स्थित एक तेल डिपो में भी आग लग गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, रूस के तेल उद्योग की एक और सुविधा तक पहुंच बनाई गई है-आर्माविर। उन्होंने क्रास्नोदार में हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आर्माविर हमारी राज्य सीमा से 500 किलोमीटर दूर है। उन्होंने लिखा, हम सही तरीके से युद्ध को वापस वहीं ले जा रहे हैं, जहां से यह शुरू हुआ था।
यूक्रेन ने अपनी मध्यम और लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता का विस्तार किया है। इसके तहत वह रूस के चार साल पुराने आक्रमण का मुकाबला करने के लिए अपने देश में विकसित ड्रोन और मिसाइल तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है।
रूस के उन तेल ठिकानों पर हमले अब लगभग रोज होने वाली घटनाएं बन गई हैं, जो इस आक्रमण के लिए धन जुटाने में अहम भूमिका निभाते हैं। दूसरी ओर, रूस ने अपनी लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल कर यूक्रेन के बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचाया है और उसके शहरों पर हमले किए हैं।

