आंधी के कारण मथुरा में हुई भारी तबाही, पेड़-खंभे टूटकर गिरे, घंटों गुल रही बिजली
मथुरा, 10 जून - मथुरा में मंगलवार शाम आई आंधी ने तबाही मचाई। ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़, विद्युत खंभों के साथ-साथ ब्रज-84 कोस परिक्रमा मार्ग में लगाए गए भंडारों व शिविरों के टेंट उड़ गए। देर रात तक बारिश के आसार बने रहे।
मंगलवार सुबह से ही तेज धूप रही। दिन का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीते दिनों आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज थी। वहीं मंगलवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। धूल भरी आंधी से होर्डिंग, बैनर, पेड़ और ब्रज-84 कोस परिक्रमा मार्ग में लगे शिविरों के पंडाल उखड़ गए। करीब 30 मिनट की आंधी में कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश और आंधी के आसार जताए हैं।
गिरिराज तलहटी में आंधी के साथ हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी, लेकिन राधाकुंड से गोवर्धन जाने वाले रिंगरोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विकास प्राधिकरण का भारी-भरकम सूचना बोर्ड तेज हवा के झोंके से उखड़कर सीधे सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे किसी के घायल होने की घटना टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम को अचानक मौसम बिगड़ा। आंधी के साथ बारिश शुरू होते ही लोहे का विशाल बोर्ड अपनी जगह से हटकर सड़क पर गिर गया। इससे सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लोगों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर वैकल्पिक रास्तों से जाना पड़ा।
वृंदावन में मंगलवार को आई तेज आंधी ने शहर की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में बिजली लाइनों और उपकरणों में फॉल्ट आने से घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। वहीं, मंदिरों और धर्मस्थलों में ठहरे श्रद्धालु भी परेशान नजर आए।

