बिल्डिंग में लगी आग, तीन की मौत
नई दिल्ली, 12 जून - दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके की एक बिल्डिंग में लगी आग में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। छह लोगों को बचा लिया गया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से लगी थी। धीरे-धीरे आग पांच मंजिला बिल्डिंग तक फैल गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने छत का लॉक काटकर लोगों को बचाया।
फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, गुरुवार रात 2:35 से 2:37 बजे के बीच इमरजेंसी कॉल मिलीं। तारा अपार्टमेंट के पास लेन नंबर 1 में मौजूद एक बिल्डिंग में आग लग गई। बिल्डिंग के अंदर कई लोगों के फंसे होने की खबर मिलने के बाद फायरफाइटर्स ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सुबह 3:45 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।

