Indian Navy: कोच्चि की ओर आ रहे टैंकर से नौसेना ने निकाला मिसाइल वारहेड, टला बड़ा खतरा

कोच्चि, 11 जून - भारतीय नौसेना ने एक कच्चे तेल के टैंकर से बिना फटे मिसाइल वारहेड को सफलतापूर्वक निकालकर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया है। यह टैंकर पिछले महीने ओमान तट के पास जहाज में विस्फोट होने की सूचना देने के बाद कोच्चि की ओर आ रहा था। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला टैंकर एमटी ओलंपिक लाइफ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह से कोच्चि जा रहा था। इस पर कोई भारतीय नागरिक सवार नहीं था। 26 मई को ओमान तट के पास जहाज में विस्फोट होने की सूचना दी गई थी।

इसके बाद जहाज ने कोच्चि की ओर अपनी यात्रा जारी रखते हुए उसमें बिना फटे विस्फोटक मौजूद होने की भी जानकारी दी।
हिंद महासागर क्षेत्र के सूचना समन्वय केंद्र से जानकारी मिलने के बाद भारतीय नौसेना ने मिलकर कार्रवाई शुरू की। नौसेना की कोच्चि स्थित दक्षिणी कमान ने स्थिति का आकलन करने के लिए विस्फोटक निष्क्रिय करने वाले विशेषज्ञों (ईओडी)  की एक विशेष टीम भेजी

बयान में कहा गया कि टीम ने पुष्टि की कि एक प्रोजेक्टाइल जहाज के ढांचे को भेदते हुए कई हिस्सों से गुजरकर ईंधन टैंक के अंदर जाकर फंस गया था।

 
#Indian Navy
# कोच्चि
# टैंकर
# नौसेना