शिमला पुलिस ने तोड़ी चिट्टे की सप्लाई चेन, पंजाब से 309 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
शिमला, 16 जून - शिमला पुलिस द्वारा चिट्टे (हेरोइन) के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत नशे की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकज की जांच के आधार पर पंजाब के खरड़ से एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 309 ग्राम चिट्टा और 61,900 रुपये नकद बरामद किए हैं। एएसपी मुख्यालय अभिषेक धीमान ने बताया कि थाना सदर शिमला में 10 जून 2026 को दर्ज अभियोग संख्या 74/2026 के तहत राहुल ठाकुर पुत्र जीत सिंह निवासी धर्मपुर, जिला मंडी के कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, व्हाट्सएप चैट और वित्तीय लेन-देन का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टे की आपूर्ति पंजाब के खरड़ निवासी हरप्रीत उर्फ हैरी द्वारा की गई थी, जो नशा तस्करी में सक्रिय रूप से संलिप्त पाया गया। प्राप्त साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर थाना सदर शिमला की टीम ने 13 जून 2026 को खरड़, पंजाब में हरप्रीत के ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 309 ग्राम चिट्टा और 61,900 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी पुत्र जसबीर सिंह निवासी गोल्डन एस्टेट, खरड़, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया गया।

