मप्र : 3.30 किलोग्राम का 'नूरजहांआम, 3,800 रुपये मिले दाम
आलीराजपुर/इंदौर, 16 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के कट्टीवाड़ा क्षेत्र क्षेत्र में'आमों की मलिकाकही जाने वाली'नूरजहांकिस्म की फसल इन दिनों सुर्खियों में है। उत्पादकों के मुताबिक मौजूदा मौसम में आम की इस दुर्लभ प्रजाति के अब तक के सबसे बड़े फल का वजन 3.30 किलोग्राम रहा जिसे 3,800 रुपये में बेचा गया है।
उनका कहना है कि'नूरजहांके पेड़ों पर लगे कुछ बड़े फलों का वजन इस महीने के आखिर तक चार किलोग्राम तक पहुंच सकता है। इंदौर से करीब 250 किलोमीटर दूर कट्टीवाड़ा क्षेत्र के आम उत्पादक भरतराज सिंह जादव ने मंगलवार को'पीटीआई-भाषा को बताया, इस मौसम में नूरजहां आम की फसल संतोषजनक रही है। मेरे बाग में अब तक का सबसे बड़ा नूरजहां आम 3.30 किलोग्राम वजन का रहा जिसे मैंने 3,800 रुपये में बेचा।
उन्होंने कहा कि उनके बाग में'नूरजहांआम के पेड़ों पर अभी कई फल लगे हैं जिनका अंतिम वजन तोड़े जाने के बाद ही पता चलेगा। जादव ने बताया कि उनके बाग में'नूरजहांआम के दो पुराने और 11 नये'ग्राफ्टेड(कलम लगाकर तैयार किए गए) पेड़ हैं। उन्होंने कहा कि नये पेड़ों पर भी फल आने शुरू हो गए हैं और भविष्य में उत्पादन बढऩे की उम्मीद है। जादव के अनुसार, इन दिनों'नूरजहांआम की मांग मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात से आ रही है। आम उत्पादक ने बताया कि हाल ही में तमिलनाडु से भी इसके फलों के बारे में पूछताछ हुई है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में उनके बाग के'नूरजहांआम संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका और स्पेन तक भी पहुंचे हैं, हालांकि इन्हें सीधे निर्यात नहीं किया गया बल्कि लोग अपने परिचितों के माध्यम से इन्हें विदेश ले गए।

