सरकार और HRTC कर्मचारी यूनियन में बनी सहमति, हड़ताल वापस
शिमला: हिमाचल प्रदेश में आज रात से होने वाले चक्का जाम से ठीक पहले परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) और चालक-परिचालक यूनियन के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में कई अहम मांगों पर सहमति बन गई है, जिसके बाद यूनियन ने प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेने का ऐलान कर दिया है। यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ने बैठक के बाद बयान जारी करते हुए बताया कि एसीएस परिवहन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता में चालकों, परिचालकों और मैकेनिकल स्टाफ की प्रमुख मांगों को मान लिया गया है। सरकार द्वारा विभिन्न लंबित भुगतानों के लिए लगभग 30 से 35 करोड़ रुपये जारी करने का आश्वासन दिया गया है, जिसमें कर्मचारियों का पिछले 12 महीनों का नाइट व ओवरटाइम अलाउंस (लगभग 23 से 25 करोड़ रुपये) एक सप्ताह के भीतर सीधे उनके खातों में डाल दिया जाएगा। इसके अलावा, अगले महीने से हर माह नियमित रूप से ओवरटाइम का भुगतान किया जाएगा।
यूनियन अध्यक्ष के अनुसार, सरकार ने वर्दी के लिए डेढ़ करोड़ रुपये नकद देने, चालकों और परिचालकों के हाल ही में हुए तबादलों को एक-दो दिनों में रद्द करने तथा हर महीने की पहली तारीख को वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग पर भी मुहर लगा दी है। वहीं, 4-9-14 वेतनमान की बहाली और वेतन विसंगति के मामलों को जल्द ही सर्विस कमेटी के समक्ष ले जाकर सुलझाने का आश्वासन मिला है। मान सिंह ने कहा कि हालांकि हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हुई हैं, लेकिन राज्य की वर्तमान वित्तीय परिस्थिति को देखते हुए संगठन ने समझौता करने का निर्णय लिया है। उन्होंने राज्य के सभी डिपो के कर्मचारियों से संपर्क कर हड़ताल पर न जाने और बसों का संचालन सुचारू रूप से जारी रखने की अपील की है।

