चंडीगढ़ शिमला NH-5 पर ट्रक ने 4 वाहनों को मारी टक्कर, चालक फरार
* सोलन के रबोन में आधी रात हादसा, कोई हताहत नहीं
सोलन,22 जून राष्ट्रीय उच्च मार्ग NH-5 चंडीगढ़-शिमला पर रविवार आधी रात को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चार वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना रात करीब 1:30 बजे सोलन के रबोन क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों वाहनों को भारी क्षति पहुंची। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि NH-5 पर इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारकर चालकों का फरार होना यहां आम हो गया है।
पूर्व प्रधान रबोन अनिल कुमार ने कहा कि इस मार्ग पर रात के समय सड़क किनारे वाहन खड़ा करना खतरनाक साबित हो रहा है। प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

