हिमाचल में बड़ा हादसा: गहरी खाई में गिरी पिकअप गाड़ी, मां-बेटे सहित छह लोगों की माै/त
शिमला, 26 जून - हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िले के रामपुर क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की माैत हो गई है। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले दुर्गम क्षेत्र काशापाट जा रही एक पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 200 फीट नीचे तकलेच-देवठी सड़क किनारे जा गिरी। सूचना मिलने के बाद पुलिस का दल मौके के लिए रवाना हुआ। ग्रामीणों की मदद से राहत कार्यों को अंजाम दिया गया। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम को रामपुर से दूध बेचकर एक पिकअप काशापाट की ओर जा रही थी। शाम करीब 4:30 बजे जब पिकअप ढंढोल के समीप पहुंची तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क से करीब 200 फीट नीचे दूसरी सड़क किनारे जा पहुंची। इस हादसे में मां-बेटे सहित कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आशा कुमारी (42) पत्नी सत्य प्रकाश, निवासी कुआनू आनी, उसका पुत्र युगल (10), पिकअप चालक अशोक जैन (32) पुत्र ध्यान जैन, गांव छलटा रामपुर, अभिषेक सानी (23) पुत्र नरसिंह सानी, गांव शरनाल रामपुर, लायक राम (56) गांव पाट रामपुर और नितिन (23) पुत्र मैन सिंह, गांव छलटा रामपुर शिमला के रूप में हुई है। मृतक महिला आशा देवी बेटे के साथ अपने मायके काशा जा रही थी।

