चंडीगढ़ के कई स्कूलों और हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की ई-मेल से धमकी

चंडीगढ़, 1 जुलाई (कपिल वधवा)- चंडीगढ़ के कई प्रतिष्ठित स्कूलों और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल मिलने के बाद चंडीगढ़ और हरियाणा की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। कथित तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से भेजी गई इस धमकी के बाद पुलिस ने संबंधित स्कूलों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, गर्मी की छुट्टियों के बाद बुधवार को स्कूल खुलने के पहले ही दिन सेक्टर-31 स्थित एयर फोर्स स्कूल को सबसे पहले धमकी भरी ई-मेल मिली। इसके बाद सेक्टर-37बी और 37डी के सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-38 का विवेक हाई स्कूल, सेक्टर-26 का सेक्रेड हार्ट स्कूल, स्ट्रॉबेरी फील्ड्स हाई स्कूल, सेक्टर-40 का डीपीएस और सेक्टर-9 का कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल को भी इसी तरह की ई-मेल मिलने की सूचना मिली।

ई-मेल में दावा किया गया कि दोपहर 1:11 बजे चंडीगढ़ के स्कूलों और दोपहर 3:11 बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय में बम विस्फोट किए जाएंगे। इसमें आईईडी और ड्रोन के जरिए हमले की धमकी भी दी गई है।

धमकी भरे संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने का दावा करते हुए लोगों को रेल यात्रा न करने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में 15 अगस्त को बच्चों को परेड कार्यक्रमों में न भेजने की धमकी भी दी गई है।

धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सभी प्रभावित स्कूलों और संवेदनशील स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ई-मेल के स्रोत की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

 
#चंडीगढ़ के कई स्कूलों और हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की ई-मेल से धमकी