बनूड़ बैरियर पर स्कॉर्पियो सवार ने की फायरिंग, युवक गंभीर रूप से घायल
बनूड़ (मोहाली), 4 जुलाई – बनूड़ बैरियर के पास देर रात उस समय दहशत का माहौल बन गया जब स्कॉर्पियो सवार एक युवक ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। इस घटना में बनूड़ का रहने वाला लवप्रीत सिंह उर्फ काली गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत चंडीगढ़ के सेक्टर-32 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 12 बजे हुई। लवप्रीत सिंह काम से लौटने के बाद अपने साथियों के साथ बनूड़ बैरियर के पास एक दुकान से सामान खरीद रहा था। इसी बीच स्कॉर्पियो गाड़ी सवार एक युवक वहां पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच किसी बात पर बहस हो गई। बहस बढ़ गई और स्कॉर्पियो सवार ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौके पर 7 से 8 राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के दौरान लवप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उसके साथियों और राहगीरों की मदद से तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। सूचना मिलने पर बनूड़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा करने के साथ ही आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है।
SHO बनूर अर्शदीप शर्मा ने बताया कि गोली चलाने वाले युवक की पहचान हो गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

