EPFO: ईपीएफओ ने बदले यूएएन एक्टिवेशन के नियम
नई दिल्ली, 5 जुलाई - कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने करीब एक सप्ताह तक चले निर्धारित अपग्रेड के बाद अपना यूनिफाइड मेंबर पोर्टल फिर से शुरू कर दिया है। नए पोर्टल में बेहतर डिजाइन, तेज़ प्रोसेसिंग और अधिक सुरक्षित सुविधाएं जोड़ी गई हैं। हालांकि, इस अपग्रेड के साथ ईपीएफओ ने एक बड़ा बदलाव भी किया है। अब यूएएन (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) का एक्टिवेशन और नया यूएएन जनरेट करने की सुविधा ईपीएफओ पोर्टल पर उपलब्ध नहीं होगी। इन दोनों सेवाओं को अब सरकार के उमंग ऐप पर स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी के जरिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ईपीएफओ के मुताबिक, यह बदलाव डेटाबेस के एकीकरण और सॉफ्टवेयर के आधुनिकीकरण के तहत किया गया है, ताकि ऑनलाइन सेवाएं पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बन सकें। नए अपग्रेड के बाद ईपीएफओ ने मेंबर सेवाओं में कई अहम बदलाव किए हैं। अब पोर्टल के जरिए यूएएन एक्टिवेशन नहीं किया जा सकेगा और नया यूएएन भी वेबसाइट से जारी नहीं होगा। दोनों सुविधाएं पूरी तरह उमंग ऐप पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा यूएएन एक्टिवेशन और नया यूएएन जारी करने के लिए अब आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, जो सदस्य यूएएन नंबर भूल गए हैं, उनके लिए उसे दोबारा प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान बना दी गई है।

