देश के कई राज्यों में बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा? IMD ने किन शहरों के लिए जारी किया येलो अलर्ट
नई दिल्ली, 4 जुलाई - देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। केरल से लेकर गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान तक कई राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश का दौर जारी है। कई जगह नदियां और बांध उफान पर हैं, निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जबकि भूस्खलन और तेज हवाओं का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। सबसे अधिक असर बड़वानी और खंडवा में रहने की आशंका है, जहां अगले 24 घंटे में करीब आठ इंच तक बारिश हो सकती है। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, खरगोन, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

