डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 6 जुलाई- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का योगदान अनेक क्षेत्रों में अविस्मरणीय रहा है। वे एक महान चिंतक, शिक्षाविद् और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने नवाचार और भविष्य उन्मुख शिक्षा का हमेशा समर्थन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने भारत की औद्योगिक आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव रखी और साथ ही पारंपरिक उद्योगों एवं आजीविका को भी बढ़ावा दिया। उन्होंने बंगाल अकाल के दौरान किए गए उनके मानवीय प्रयासों को भी याद करते हुए कहा कि यह पीड़ितों के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता का परिचायक था।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के प्रति डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्थायी स्रोत बनी हुई है।

 
#डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि