ज़ीरकपुर पुलिस ने 48,455 नशीली टैबलेट और कैप्सूल की खेप ज़ब्त की
हिमाचल से ग्रेटर नोएडा तक फैले ड्रग सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
ज़ीरकपुर, 8 जुलाई :पंजाब सरकार द्वारा ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, ज़ीरकपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंटर-स्टेट ड्रग सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से कुल 48,455 नशीली टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पहले ऑपरेशन के दौरान, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के रहने वाले संजय कुमार को 2,400 नशीली कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह ये नशीली दवाएं उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के कासना में मौजूद अमित मेडिकल स्टोर से लाता था और पंजाब में सप्लाई करता था।
इस जानकारी के आधार पर, ज़ीरकपुर पुलिस ने कोर्ट से सर्च और अरेस्ट वारंट लिया और ग्रेटर नोएडा के कासना में रेड की। रेड के दौरान पुलिस ने रवि कुशवाहा को अरेस्ट कर लिया। उसके मेडिकल स्टोर और घर के कमरे की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुए।

