अवैध संबंधों के शक में पति ने गर्भवती पत्नी की ह.त्या
मानसा, 11 जुलाई (बलविंदर सिंह धालीवाल)- पंजाब के मानसा जिले के गांव ठूठियांवाली में अवैध संबंधों के शक में एक गर्भवती महिला की हत्या का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय सिमरजीत कौर ने करीब डेढ़ साल पहले जिले के गांव बुर्ज राठी निवासी सच्चप्रीत सिंह से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से उनका आनंद कारज भी संपन्न हुआ था।
बताया जा रहा है कि सिमरजीत कौर प्रसव के लिए अपने मायके आई हुई थी। मृतका के चाचा मेवा सिंह के अनुसार, देर रात उसका पति सच्चप्रीत सिंह घर पहुंचा और फोन कर सिमरजीत को बाथरूम में बुलाया। आरोप है कि वहां उसने धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस चौकी ठूठियांवाली के प्रभारी मक्खण सिंह ने बताया कि मृतका के पिता सुखपाल सिंह के बयान के आधार पर आरोपी सच्चप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नोट: पुलिस जांच जारी है और आरोपी पर लगे आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

