बीएसएफ और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 1.132 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अजनाला, (अमृतसर), 16 जुलाई (गुरप्रीत सिंह ढिल्लों)- पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र अजनाला में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएसएफ की 117वीं बटालियन और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को 1.132 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट बीओपी शाहपुर के अंदरूनी क्षेत्र में संयुक्त अभियान के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान उनके कब्जे से दो पैकेटों में बंद 1.132 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नशा तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसके पीछे किस गिरोह का हाथ है।

