दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी ने प्रधानमंत्री से की करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की अपील
नई दिल्ली, 16 जुलाई - दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को जल्द से जल्द दोबारा खोलने की अपील की है। कमेटी ने प्रधानमंत्री से उनके प्रस्तावित पंजाब दौरे के दौरान इस संबंध में घोषणा करने का आग्रह किया है।
कमेटी ने कहा कि दुनिया भर के सिख श्रद्धालुओं और गुरु नानक नाम लेवा संगत की गहरी आस्था पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब, करतारपुर से जुड़ी है। यही वह पावन स्थान है, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष बिताए थे।
पत्र में बताया गया है कि 'ऑपरेशन सिंधूर' से पहले, 7 मई 2025 को करतारपुर कॉरिडोर के माध्यम से होने वाली दैनिक यात्रा को स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, नवंबर 2025 से जून 2026 के बीच पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए चार विशेष जत्थों को अनुमति दी गई थी।
कमेटी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि सुरक्षा, प्रशासनिक और कूटनीतिक व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के माध्यम से नियमित श्रद्धालु यात्रा को जल्द बहाल किया जाए, ताकि संगत एक बार फिर सहज और सुविधाजनक तरीके से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर सके।

