सिक्किम सुरंग हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत, कई अब भी फंसे
गंगटोक, 21 जुलाई - सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग के प्रवेश द्वार पर हुए भूस्खलन के बाद फंसे मजदूरों में से अब तक 8 की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य मजदूर अभी भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं।
यह हादसा ममरिंग क्षेत्र स्थित समरदुंग सुरंग में हुआ, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों की संख्या 27 से अधिक या कम भी हो सकती है, क्योंकि अभी सटीक आंकड़ों का सत्यापन किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार सुरंग में मीथेन गैस रिसाव की आशंका के कारण राहत और बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। जहरीली गैस के प्रभाव से कई बचावकर्मियों को चक्कर आने लगे, जबकि कुछ सुरंग में प्रवेश के दौरान बेहोश भी हो गए, जिससे अभियान प्रभावित हुआ।
जिला कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन को दोपहर करीब 3:40 बजे हादसे की सूचना मिली। इसके बाद जिला पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस एक विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई है।
अधिकारियों का कहना है कि मीथेन गैस, सुरंग की संकरी जगह और अपर्याप्त रोशनी के कारण बचाव अभियान में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है। एंबुलेंसों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और गैस मास्क पहने बचाव दल मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह सुरंग तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के लिए पटेल इंजीनियरिंग कंपनी द्वारा बनाई जा रही थी।

