प्रधानमंत्री छात्रों की बात सुनें - प्रियंका गांधी
नई दिल्ली, 21 जुलाई - दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल गलत है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि ये युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उनकी समस्याएं वास्तविक हैं। उन्होंने कहा कि छात्र सिर्फ एक बेहतर और सुरक्षित भविष्य चाहते हैं, इसलिए उनकी आवाज़ सुनी जानी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि कम से कम छात्रों को बुलाकर उनकी बात सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और जवाबदेही तय होनी चाहिए।
सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार युवाओं, किसानों और गरीबों के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब मंत्री अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते थे। सरकार को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

