बिंदियारानी देवी ने भारत को दिलाया कांस्य, भारोत्तोलन में अब तक आए पांच पदक
ग्लास्गो, 27 जुलाई - भारत की महिला भारोत्तोलक बिंदियारानी देवी ने 58 किलो भारवर्ग में कांस्य पदक जीता। बिंदियारानी ने स्नैच में 87 किलो और क्लीन एंड जर्क में 112 किलो का वजन उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 199 किलो वजन उठाकर कांस्य अपने नाम किया। नाइजीरिया की रफियातु फोलाशेड लवाल ने 229 किलो (103+126) वजन उठाकर स्वर्ण और कनाडा की आन सोफी तासचेरयू ने कुल 215 किलो (94+121) के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
भारत ने इस तरह ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक छह पदक अपने नाम किए हैं जिसमें पांच भारोत्तोलन में आए हैं। भारत अब तक एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीत चुका है। भारत की ओर से अब तक भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने स्वर्ण, पुरुष भारोत्तोलक ऋषिकांता सिंह, राजा और ज्ञानेश्वरी ने रजत तथा बिंदियारानी देवी ने कांस्त और पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीते हैं।
भारतीय महिला भारोत्तोलक बिंदियारानी ने 58 किलो वजन वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नैच में 87 किलो वजन उठाया। उनके तीनों प्रयास सफल रहे। बिंदियारानी ने स्नैच के पहले प्रयास में 83 किलो वजन उठाने का फैसला किया और वह इसमें सफल रहीं। बिंदियारानी ने पहले 85 किलो वजन रजिस्टर कराया था, लेकिन अंतिम मिनटों में उन्होंने वजन कम करने का फैसला किया। बिंदियारानी ने स्नैच के दूसरे प्रयास में वजन बढ़ाया और 85 किलो वजन उठाने का फैसला किया। बिंदियारानी को 85 किलो वजन उठाने में कोई परेशानी नहीं हुई। फिर तीसरे प्रयास में उन्होंने 87 किलो वजन उठाया।

