पंजाब बंद के आह्वान पर फिरोजपुर पूरी तरह बंद, सड़कों से बाजारों तक पसरा सन्नाटा
फिरोजपुर, 30 जुलाई (सुखविंदर सिंह) - सफाई सेवक यूनियन पंजाब तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा दिए गए पंजाब बंद के आह्वान को फिरोजपुर में व्यापक समर्थन मिला। बंद के चलते सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के बाजार, निजी स्कूल, कॉलेज और अधिकांश निजी संस्थान पूरी तरह प्रभावित रहे। शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और सामान्य जनजीवन भी प्रभावित दिखाई दिया।
इस दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि पिछले काफी समय से पूरे पंजाब के सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकारी कार्यालयों के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पंजाब सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया, बल्कि उनकी आवाज को अनसुना किया गया और आंदोलनरत कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर धक्केशाही भी की गई।
यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार के इसी रवैये के विरोध में पंजाब बंद का आह्वान किया गया था, जिसे फिरोजपुर के लोगों और व्यापारियों का भरपूर समर्थन मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही सफाई कर्मचारियों की मांगें नहीं मानीं, तो उनका आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा।

