ट्रक ने एक्टिवा चालक को कुचला, लोगों में रोष
गढ़शंकर, 29 जुलाई - गढ़शंकर शहर के बंगा चौक में दोपहर को एक ट्रक की चपेट में आने से एक नौजवान एक्टिवा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार गुरदयाल सिंह (47) पुत्र दौलत राम निवासी गांव अकालगढ़ अपनी एक्टिवा नंबर पी.बी. 20 ई 2556 पर दवाई लेने के लिए बंगा चौक से शहर आ रहा था।
जब वह शहर के बंगा रोड साइड पर पहुंचा तो रेलवे फाटक की तरफ से आ रहे एक ट्रक नंबर एचपी 12 क्यू 9573 की चपेट में आ गया और ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक को बंगा साइड जाना था। हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रक की चपेट में आने से गुरदयाल सिंह का सिर बुरी तरह कुचल गया।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और गुरदयाल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि दो बच्चों का पिता गुरदयाल सिंह कतर के दोहा से आया था। इस घटना से पूरे शहर में तुरंत दुख की लहर दौड़ गई। घटना के दौरान कांग्रेस हलका इंचार्ज अमरप्रीत सिंह लाली और कॉमरेड दर्शन सिंह मट्टू ने घटना पर दुख जताया और अपना विरोध जताया।

