पुरानी रंजिश के शक में दो पक्षों में झड़प, हाथापाई के दौरान चली गोलियां; पुलिस ने पिस्टल जब्त कर जांच शुरू की

 

डेराबस्सी, 31 जुलाई  डेराबस्सी, मेजर अली डेराबस्सी में गुरुवार देर शाम एक जिम के बाहर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आरोपी अपनी पिस्टल मौके पर ही छोड़कर भाग गया। मौके पर मौजूद युवकों ने पिस्टल पुलिस को सौंप दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, जिम के बाहर कुछ युवक खड़े थे। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार एक युवक वहां पहुंचा और एक युवक से उसकी बहस हो गई। बातचीत जल्द ही हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान मोटरसाइकिल सवार ने पिस्टल निकालकर दूसरे युवक पर तान दी।

हाथापाई के दौरान आरोपी ने पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अफरा-तफरी में उसके हाथ से पिस्टल गिर गई और वह मौके से भाग गया। वहां मौजूद लोगों ने पिस्टल पुलिस को सौंप दी।

सूत्रों के मुताबिक, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस वीडियो और दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई कर रही है।
 

#डेराबस्सी