JPSC-JSSC आंदोलन में बड़ा मोड़: भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो से सरकार ने की बात

रांची, 9 अगस्त - झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच रविवार को सरकार ने बड़ा कदम उठाया। सरकार की ओर से गठित वार्ता समिति ने पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। समिति ने उनकी तबीयत का हाल जाना और उनसे अनशन खत्म करने की अपील की।
अधिकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब तीन बजे देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों ने जांच की तो उनके रक्त में ग्लूकोज का स्तर कम पाया गया। इसके बाद सरकार की ओर से उनसे संपर्क किया गया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री और सरकार की वार्ता समिति के सदस्य सुदिव्य कुमार ने वीडियो कॉल के जरिए महतो से बातचीत की। उन्होंने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि सरकार और छात्रों के बीच बातचीत चल रही है। मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे का समाधान दिन में निकालने की कोशिश की जा रही है।
 

 
#JPSC-JSSC