PM Cares: पीएम केयर्स फंड को मिलने वाले दान में बड़ी गिरावट
नई दिल्ली, 18 अगस्त - पीएम केयर्स फंड को वित्त वर्ष 2024-25 में घरेलू दान में 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। यह राशि घटकर करीब 479 करोड़ रुपये रह गई है। नवीनतम ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी दान में भी 18 फीसदी की कमी आई है, जो 92.8 लाख रुपये रहा। हालांकि, 31 मार्च, 2025 तक फंड का कुल शेष बढ़कर 8,452 करोड़ रुपये हो गया है।
एक साल पहले यह राशि 7,173 करोड़ रुपये थी। रिपोर्ट के अनुसार, इस कुल राशि में से 7,846 करोड़ रुपये सावधि जमा में रखे गए हैं। वहीं, 605 करोड़ रुपये बचत बैंक खातों में जमा हैं। वित्त वर्ष 2023-24 में पीएम केयर्स को 681.8 करोड़ रुपये का घरेलू दान मिला था। इसी अवधि में 1.13 करोड़ रुपये का विदेशी दान भी प्राप्त हुआ था। फंड ने 2024-25 में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना पर 87.8 लाख रुपये खर्च किए। यह पिछले वित्त वर्ष के 15.37 करोड़ रुपये से काफी कम है। वर्ष 2024-25 में कुल भुगतान 87.85 लाख रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष में यह 15.6 करोड़ रुपये था।

