रूसी हमले से खारकीव में भारी तबाही: रिहायशी इमारतें जमींदोज, 10 की मौत, 17 घायल
मॉस्को, 18 अगस्त - यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी खारकीव क्षेत्र में मंगलवार को रूसी मिसाइल हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल बताए गए हैं। हमला पेचेनीही गांव के मध्य इलाके में हुआ, जहां रिहायशी इमारतों के बीच दुकानें, कैफे और डाकघर मौजूद हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कई इमारतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि रूसी सेना ने सुबह के समय पेचेनीही में एक व्यस्त चौराहे को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि इस इलाके में डाकघर और कई दुकानें थीं और इसके आसपास रिहायशी इमारतें मौजूद थीं। जेलेंस्की ने हमले के बाद की तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें क्षतिग्रस्त इमारत, आग की चपेट में आए वाहन और घायलों को स्ट्रेचर पर ले जाते राहतकर्मी दिखाई दे रहे हैं।
हमले के बाद जेलेंस्की ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यूक्रेन इस रूसी हमले का जवाब जरूर देगा। इस बीच खारकीव क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने बताया कि हमले में 17 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मिसाइल हमले से 10 निजी इमारतों के अलावा एक कैफे, डाकघर, दुकान और कम से कम सात वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

