पिंजौर की सेब मंडी में चाय की दुकान की आड़ में बिक रही थी शराब, महिला गिरफ्तार

पिंजौर, 1 सितंबर (कुलवंत शर्मा)- पिंजौर में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला पिंजौर की सेब मंडी में चाय की दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रही थी। पुलिस ने उसके कब्जे से देशी शराब की 19 अद्धे और 11 पव्वे बरामद किए हैं।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ विशेष निगरानी रखते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच-3 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पिंजौर की सेब मंडी में एक महिला चाय की दुकान की आड़ में अवैध शराब बेच रही है। सूचना के आधार पर इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से रेखा निवासी मौली जांगरा, चंडीगढ़, हाल निवासी पिंजौर को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान चाय के स्टॉल में रखे लकड़ी के बक्से से 19 अद्धे और 11 पव्वे देशी शराब बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ थाना पिंजौर में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।

#पिंजौर की सेब मंडी में चाय की दुकान की आड़ में बिक रही थी शराब
# महिला गिरफ्तार