7.8% की विकास दर पर PM मोदी बोले- ‘दुनिया संकटों से घिरी, फिर भी भारत तेजी से बढ़ रहा’

नई दिल्ली, 1 सितंबर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 7.8 प्रतिशत विकास दर पर खुशी जताते हुए देशवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा कि यह उपलब्धि देश के लोगों के संकल्प और मेहनती स्वभाव का परिणाम है तथा यह भारत की सामूहिक ताकत को दर्शाती है।

पीएम मोदी ने कहा, “मेरे देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। 7.8% की विकास दर, पूरा देश खुशी से भरा है।” उन्होंने देशवासियों को उनके संकल्प और मेहनत के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भारत की सामूहिक शक्ति को दिखाती है।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय संघर्षों में घिरी हुई है और हर तरफ से युद्ध की खबरें सामने आ रही हैं। सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई हैं और कोविड-19 के दौर के बाद से दुनिया के कई हिस्सों में स्थिरता की कमी बनी हुई है।

इसके बावजूद भारत की तेज आर्थिक प्रगति पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग निराशा के माहौल में झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं, लेकिन इन बाधाओं से ऊपर उठकर भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश को विकास की इस गति को बनाए रखना होगा और लगातार आगे बढ़ते रहना होगा। इसके लिए उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण को जरूरी बताया।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से इसी गति और सामूहिक प्रयास को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

#7.8% की विकास दर पर PM मोदी बोले- ‘दुनिया संकटों से घिरी
# फिर भी भारत तेजी से बढ़ रहा’