जालंधर - इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी से 10 लाख की लूट
जालंधर, 2 सितंबर (जतिंदर पम्मी) — अड्डा होशियारपुर चौक के इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी से केसरी पंप के पास अज्ञात लुटेरे करीब 10 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। लूट की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापारी सरनपाल सिंह अपनी कार में जा रहा था। पी.एन.बी. चौक के पास उसकी कार का टायर पंचर हो गया। इसके बाद वह केसरी पंप के पास पहुंचकर कार में हवा भरवाने के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान लुटेरों ने मौका पाकर उसके पास मौजूद करीब 10 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि लुटेरों की पहचान कर उन्हें काबू किया जा सके।

