यूपी:बारिश के कारण नदियां उफान पर
लखनऊ , 4 सितंबर - प्रदेश के कई जिलों में हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त है। घर और दुकान बाड़ से घिर जाने के कारण लोग परेशान हैं। रोजगार बंद होने से रोजी-रोटी का संकट है। घर और दीवार के गिरने से सात लोगों की मौत हो गई।
चित्रकूट में बृहस्पतिवार को मंदाकिनी की जलधारा घाटों के ऊपर पहुंची तो कभी रामघाट से कामतानाथ जाने वाले मार्ग पर पहुंची। इससे नदी के किनारे बसे 250 से अधिक परिवार दहशत में आ गए। उधर, सदर कोतवाली के बराछ गांव में कच्ची दीवार और छत ढहने से कल्लू यादव (35) और उसके दो मासूम बच्चों की दबकर मौत हो गई। पत्नी और बेटी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, सीतापुर में दो महिलाओं, बहराइच में एक बालिका और बाराबंकी में भी एक व्यक्ति की जान चली गई।
एनडीआरएफ की टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला
कानपुर में पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से 10 इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। गोपालपुरम और जरौली फेज-2 में करीब 25 परिवार जलभराव में फंस गए। सूचना पर एनडीआरएफ की टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इनके साथ ही मायापुरम, रविदासपुरम, मदनपुर, मेहरबान सिंह का पुरवा, वरुण विहार कच्ची बस्ती, सुंदरनगर, महावीरनगर और विद्यार्थी कॉलोनी में करीब 34 हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं।

