अवैध माईनिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाही के निर्देश- उपायुक्त
पंचकूला, 7 सितंबर (कपिल) - उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर में आज सेक्टर-12 निवासी की खाली पड़े हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्लाॅटों में घास व बड़ी बड़ी झाड़ियां हटवाने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एचएसवीपी के संबंधित अधिकारी को मौका निरीक्षण कर सफाई करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त समाधान शिविर में जिलावासियों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने अलग-अलग मामलों की 5 शिकायतें सुनी व संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
डीसी ने अवैध माईनिंग पर सख्त संज्ञान लेते हुए माईनिंग अधिकारी को अपनी टीम के साथ मौके पर जाकर अवैध माईनिंग में लिप्त वाहनों को इपाउंड व चालान और अवैध माईनिंग में लिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाही करने के निर्देश दिए।
सतपाल शर्मा ने ब्लाॅक पिंजौर के गांव कंडियाला में 100 सौलर स्ट्रीट लाईट लगी हुई है, जिनमें से 12 स्ट्रीट लाईटे लगाने के बाद से ही नहीं काम रही है कि शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा निर्देशित समाधान शिविर में उपायुक्त कार्यालय में प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक कार्य दिवस के दिन आयोजित किए जा रहे है। इन शिविरों में जिलावासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविर से जुड़ते है व लोगों की आई समस्या पर की गई कार्रवाही को स्वयं मोनिटरिंग करते है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिलावासियों की समस्याओं का बिना विलंब किये समाधान करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने जिलावासियों से समाधान शिविर में आकर अपनी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाने की अपील भी की।
इस अवसर पर एसडीएम मन्नत राणा, तहसीलदार सुरेश कुमार, डीडीपीओ विशाल पराशर, सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन सत्यवान भारद्वाज, नायब तहसीलदार मोरनी प्रद्युम्न, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, शिक्षा, आबकारी व कराधान, वन विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिरण सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

