रोडीज़-रीबर्थ की पंचकूला ऑडिशन जर्नी में जबरदस्त उत्साह

पंचकूला, 7 सितंबर (कपिल)- मशहूर एडवेंचर रियलिटी शो ‘रोडीज़-रीबर्थ’ की ऑडिशन जर्नी सोमवार को पंचकूला पहुंची। इंद्रधनुष ऑडिटोरियम, सेक्टर-5 में आयोजित ऑडिशन के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस बार शो में पहली बार छह गैंग लीडर्स को शामिल किया गया है और ‘ओजीज़ बनाम न्यूजीज़’ के नए फॉर्मेट के तहत मुकाबला दो गैंग के बीच होगा।

एक गैंग में निखिल चिनापा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला, जबकि दूसरे गैंग में अभिषेक मल्हान, बनी जे और बसीर अली शामिल हैं। निर्माताओं के अनुसार ओजीज़ और न्यूजीज़ की टक्कर में अनुभव, नई सोच, रणनीति और महत्वाकांक्षा का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा।

ऑडिशन से पहले नेहा धूपिया ने शहर में हाई-एनर्जी प्री-बज़ विजिट की। उन्होंने 50 से अधिक बाइकर्स के साथ बाइक रैली में हिस्सा लिया और रोटरैक्ट क्लब तथा आईबाइकर इंडिया के सदस्यों से मुलाकात की। इसके बाद वह निखिल चिनापा के साथ सीपी-67 मॉल भी पहुंचीं, जहां प्रशंसकों ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया।

नेहा धूपिया ने कहा कि दो-गैंग फॉर्मेट और ओजीज़-न्यूजीज़ की टक्कर से इस बार मुकाबला पहले से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण होगा। निखिल चिनापा ने कहा कि ‘रीबर्थ’ के साथ गेम में नया डायनामिक आया है और अलग-अलग रणनीतियां मुकाबले को और रोमांचक बनाएंगी।

रोडीज़ में वापसी कर रहे प्रिंस नरूला ने कहा कि कंटेस्टेंट से विजेता और फिर गैंग लीडर तक का सफर उनके लिए खास रहा है। उनके मुताबिक दो गैंग के बीच मुकाबले में हर फैसला गेम का रुख बदल सकता है।

बसीर अली ने अपनी रोडीज़ जर्नी को याद करते हुए कहा कि 2017 में कंटेस्टेंट के तौर पर शुरू हुआ सफर अब गैंग लीडर तक पहुंच गया है। अभिषेक मल्हान ने कहा कि रोडीज़ सिर्फ टास्क पूरा करने का नहीं, बल्कि पूरी गेम में टिके रहने का नाम है। बनी जे ने कहा कि वे ऐसे कंटेस्टेंट्स की तलाश में हैं, जो जोखिम लेने से न डरें और मुश्किल परिस्थितियों में खुद को साबित कर सकें।

पंचकूला ऑडिशन ऑडिशन जर्नी का दूसरा पड़ाव रहा। ऑडिशन में युवाओं ने अपनी क्षमता, जुनून और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया। अब ‘रोडीज़-रीबर्थ’ की ऑडिशन जर्नी 10 सितंबर को कोलकाता और 12 सितंबर को पुणे में जारी रहेगी।

#रोडीज़-रीबर्थ
# पंचकूला