पंचकूला में आग लगाने की कोशिश के दौरान महिला की मौत
पंचकूला, 6 सितंबर (कपिल)- पंचकूला के सेक्टर-28 स्थित आशियाना कॉम्प्लेक्स में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आग की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान शांति के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी।
बताया जा रहा है कि मकान नंबर-73 में रहने वाली शांति ने अपने सामने रहने वाले जमशेद के परिवार के घर में आग लगाने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, महिला ने घर के बाहर से कुंडी लगा दी और अंदर पेट्रोल डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान अचानक आग भड़क गई और महिला खुद भी आग की चपेट में आ गई। घर के अंदर मौजूद परिवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को बचाने का प्रयास किया और उस पर पानी डाला। गंभीर हालत में उसे सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया।
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों की पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

