नगर निगम कार्यालय के बाहर सफाई कर्मचारियों का रोष प्रदर्शन

पंचकूला, 3 सितंबर (कपिल) - अपनी लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को सेक्टर-14 स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में प्रवेश करने से रोक दिया। करीब दो घंटे तक कार्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन जारी रहा, जिसके बाद कर्मचारियों ने रास्ता खोल दिया।
सफाई कर्मचारी लंबे समय से ठेकेदारी प्रथा खत्म करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर की उनकी कुछ मांगें मान ली गई हैं, लेकिन राज्य स्तर से जुड़ी कई मांगें अभी भी लंबित हैं।
पंचकूला सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान जोगिंदर सिंह कागड़ा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की कई मांगें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी प्रथा खत्म करना और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है।

कागड़ा ने बताया कि गुरुवार को पूरे हरियाणा में नगर निगमों और नगर परिषद कार्यालयों के बाहर सफाई कर्मचारियों द्वारा रोष प्रदर्शन किए गए। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का धरना और संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा लिए जाने वाले फैसले के अनुसार आगामी संघर्ष की रूपरेखा तय की जाएगी।

#नगर निगम कार्यालय
# पंचकूला