हथनीकुंड बैराज में आर्मी ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा, 2 पैरा कमांडो की मौत
पंचकूला, 3 सितंबर (कपिल) - यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज में आर्मी के संयुक्त वॉटरमैनशिप ट्रेनिंग अभ्यास के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो पैरा कमांडो जवानों की मौत हो गई। ट्रेनिंग के दौरान सेना की नाव तेज पानी के बहाव में फंसकर पलट गई, जिसके कारण कुछ जवान यमुना के तेज बहाव में बह गए।
मिली जानकारी के अनुसार, 1 पैरा स्पेशल फोर्स के जवान हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में ट्रेनिंग अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान सेना की मोटरबोट में तकनीकी खराबी आ गई और नाव बैराज के निचले हिस्से में तेज धाराओं की चपेट में आ गई। नाव पलटने के कारण पांच जवान पानी में गिर गए। इनमें से तीन जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि दो जवान तेज बहाव में बह गए।
हादसे के बाद लापता जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसमें भारतीय सेना, एयरफोर्स, एनडीआरएफ, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की एसडीआरएफ, पुलिस तथा जिला प्रशासन की टीमें शामिल रहीं। भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की भी तलाशी अभियान में मदद ली गई।
गुरुवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों लापता जवानों के शव बरामद कर लिए गए। इसके बाद दोनों शवों को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। अस्पताल में आर्मी के अधिकारी और मिलिट्री पुलिस मौजूद रही। एक जवान का पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव आगे भेज दिया गया, जबकि दूसरे जवान का पोस्टमार्टम जारी रहा।
सेना की ओर से हादसे की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों जवानों के पार्थिव शरीर हवाई सेवा के माध्यम से उनके पैतृक घर भेजे जाएंगे।

