पंचकूला में नमो क्रिकेट लीग ट्रॉफी का उद्घाटन, CM नायब सैनी ने की शिरकत
पंचकूला, 3 सितंबर (कपिल) - पंचकूला में नमो क्रिकेट लीग की ट्रॉफी के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने की। इस अवसर पर फिल्म और गायन जगत से जुड़े कई बड़े चेहरे भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने कहा कि यह आज की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है और इसके माध्यम से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह लीग देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का सपना है कि समाज को नशे से मुक्त किया जाए। इसी उद्देश्य से युवाओं को क्रिकेट से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।
तरुण भंडारी ने बताया कि इस क्रिकेट लीग में शामिल होने के लिए कोई फीस नहीं रखी गई है। विजेता टीम को 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। इसके अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग जोन में मैच आयोजित किए जाएंगे और मुकाबले विभिन्न स्थानों पर होंगे। लीग का शुभारंभ 17 सितंबर को दिल्ली में होगा, जबकि राज्य स्तर पर इसका आयोजन किया जाएगा और पंचकूला में भी मैच खेले जाएंगे।
प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर तरुण भंडारी ने कहा कि सरकार ने आज सफाई कर्मचारियों की सभी मांगें मान ली हैं, जबकि एक मांग को लेकर अभी असमंजस की स्थिति है। उन्होंने सफाई कर्मचारी समाज का स्वागत करते हुए कहा कि कर्मचारियों को अधिक जिद नहीं करनी चाहिए और सरकार द्वारा मानी गई मांगों पर खुशी मनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को विरोधियों की बातों में नहीं आना चाहिए। विरोधियों का काम झूठ फैलाना और धरने-प्रदर्शन करवाना है।





