पंचकूला LIC कार्यालय में 71वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

पंचकूला, 1 सितंबर (कपिल) - भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के पंचकूला कार्यालय में मंगलवार को एलआईसी का 71वां स्थापना दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर करनाल मंडल के सेवानिवृत्त वरिष्ठ मंडल प्रबंधक अशोक ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर बीमा सप्ताह का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचकूला के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक विकास मेहता और प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती नीरा समीर भारद्वाज ने की। इस दौरान एलआईसी की उपलब्धियों तथा लोगों को बीमा सुरक्षा प्रदान करने में संस्था की भूमिका को लेकर विचार साझा किए गए।
समारोह में सी.पी. नंदवानी, मंडल प्रबंधक, पी.सी. धीमान, मंडल प्रबंधक, उत्तरी क्षेत्र बीमा कर्मचारी एसोसिएशन पंचकूला कार्यालय की अध्यक्ष कॉमरेड वीना भसीन और सचिव कॉमरेड अमरजीत कुमार सहित पंचकूला कार्यालय के अधिकारी, विकास अधिकारी, कर्मचारी और एजेंट मौजूद रहे। इसके अलावा सेवानिवृत्त अधिकारी आर.के. सेठी, गुंजीत बजाज, रोशन लाल और राकेश मल्होत्रा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम ने अपनी स्थापना के बाद लगातार प्रगति करते हुए देश के कोने-कोने में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। एलआईसी ने अपने विशाल ग्राहक आधार के साथ लोगों का विश्वास कायम किया है और देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों के दौरान एलआईसी ने आम लोगों को किफायती दरों पर बीमा सुरक्षा उपलब्ध करवाते हुए परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्था से जुड़े वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों, एजेंटों और मार्केटिंग अधिकारियों ने एलआईसी की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान “मजबूत भारत के लिए मजबूत एलआईसी” के संदेश को प्रमुखता से उजागर किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में भी एलआईसी लोगों की बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

#पंचकूला
# LIC