पंचकूला: उपायुक्त ने सेक्टर-1 स्थित मिनी सचिवालय का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पंचकूला, 8 सितंबर (कपिल)- उपायुक्त सतपाल शर्मा ने मंगलवार को सेक्टर-1 स्थित मिनी सचिवालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, शौचालयों के रखरखाव, पार्किंग व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए मिनी सचिवालय पहुंचने वाले नागरिकों के लिए उपलब्ध बैठने की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कहा कि मिनी सचिवालय जिला प्रशासन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपने विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि सरकारी सेवाएं प्राप्त करने के दौरान नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की सुविधा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने सचिवालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में प्रतिदिन नियमित रूप से साफ-सफाई करवाई जाए। कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए, ताकि यहां आने वाले नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने कार्यालयों में फाइलों एवं अन्य रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड के उचित रखरखाव से कार्यों में तेजी आएगी और आवश्यक दस्तावेज तलाशने में कर्मचारियों एवं नागरिकों का समय भी बचेगा। उन्होंने अनुपयोगी सामान की पहचान कर उसका नियमानुसार उचित निपटारा करने को भी कहा, ताकि कार्यालयों एवं परिसर में अनावश्यक सामान जमा न हो।
नागरिकों के बैठने की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तहसील एवं अन्य कार्यालयों में प्रतिदिन आने वाले नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों के बाहर पर्याप्त एवं उपयुक्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अपने कार्यों के लिए आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद नागरिकों को इंतजार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि उन्हें सरल, सुविधाजनक एवं समयबद्ध तरीके से नागरिकों तक पहुंचाना भी है।
उपायुक्त ने मिनी सचिवालय परिसर में स्थित शौचालयों का भी निरीक्षण किया और वहां की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित अंतराल पर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा उनकी स्थिति की लगातार निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यालयों में स्वच्छ शौचालय उपलब्ध करवाना नागरिक सुविधाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जहां कहीं भी शौचालयों में मरम्मत अथवा अन्य सुधार कार्य की आवश्यकता है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक रखरखाव कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि आमजन की सुविधा से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जहां नागरिकों को अपने कार्य के लिए आने पर सकारात्मक अनुभव मिले। स्वच्छ परिसर, व्यवस्थित कार्यालय, उचित बैठने की सुविधा एवं बेहतर रखरखाव इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट जागृति, तहसीलदार सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।





