दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 22 सितंबर- दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक बाइक और एक पिस्तौल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ दर्शन के लिए मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उन्हें धमकी दी और नाबालिग के साथ यौन शोषण किया।

इस महीने दिल्ली में नाबालिग से दुष्कर्म का यह तीसरा मामला है। 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया था। 16 सितंबर को सदर बाजार में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने बताया कि वह सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन करने के बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास एक पार्क में गए।

उसी दौरान 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि उन्होंने दोनों को धमकाया और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसके दोस्त को बंधक बना लिया।

दिल्ली पुलिस को कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास सामूहिक दुष्कर्म के संबंध में रात 8:45 बजे एक पीसीआर कॉल मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस बाकी दो आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस पार्क और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना के समय पार्क में या उसके आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

#दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म
# एक गिरफ्तार