ED की रेड को लेकर विधायक ग्यासपुरा का केंद्र सरकार पर तीखा हमला, कहा- पंजाबी न डरेंगे, न झुकेंगे
राड़ा साहिब (लुधियाना), 23 सितंबर (सुखवीर सिंह चणकोइयां)- पायल हलके से आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे गुरप्रीत सिंह के घर हुई ED की रेड का कड़ा विरोध किया है। ग्यासपुरा ने इस कार्रवाई को केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करार देते हुए भाजपा पर तीखे राजनीतिक निशाने साधे।
विधायक ग्यासपुरा ने कहा कि भाजपा द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर विरोधी आवाजों को डराने और दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसी कार्रवाइयों के जरिए आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्यासपुरा ने आरोप लगाया कि भाजपा की नजर पंजाब की 2027 की विधानसभा चुनावों पर है और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर राजनीतिक माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाबी लोग न तो डरने वाले हैं और न ही किसी धक्केशाही के आगे झुकने वाले हैं। अगर किसी तरह की धक्केशाही की गई तो उसका राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पूरी लीडरशिप और कार्यकर्ता हरदीप सिंह मुंडियां के साथ खड़े हैं। ग्यासपुरा ने कहा कि भाजपा को पंजाब के लोगों द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा और लोग लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा दूसरे राज्यों की तरह पंजाब में चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी।

