PIB की ‘वार्ता’ में नशा मुक्त भारत, ठोस कचरा प्रबंधन और पोषण अभियान पर चर्चा
मीडिया और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर जनसंपर्क मजबूत करने पर जोर
पंचकूला, 23 सितंबर (कपिल)- प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB), चंडीगढ़ की ओर से बुधवार को पंचकूला में ‘वार्ता’ मीडिया वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य सरकार और मीडिया के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में पंचकूला की एसडीएम मन्नत राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। पत्र सूचना कार्यालय, चंडीगढ़ की उप निदेशक सपना ने मीडिया वर्कशॉप की अध्यक्षता की।
‘वार्ता’ के विभिन्न सत्रों में नशा मुक्त भारत अभियान, ठोस कचरा प्रबंधन और पोषण अभियान से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान मीडिया और संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस हरविंदर सिंह, नगर निगम पंचकूला के ठोस कचरा प्रबंधन विशेषज्ञ/सी.टी.एल. प्रदीप कुमार तथा समेकित बाल सेवाएं, पंचकूला की जिला परियोजना अधिकारी सविता नेहरा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
वर्कशॉप के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों से जुड़ी जानकारी को प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने तथा मीडिया और विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।




