महादेव कॉलोनी में 10 से 12 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप

पंचकूला, 23 सितंबर (कपिल)- नगर परिषद वार्ड नंबर 18 स्थित महादेव कॉलोनी में नर्सरी और गढ़वाली मोहल्ले के बीच गली में करीब 10 से 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। अजगर को देखते ही लोगों ने इसकी सूचना संबंधित वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू कर रेस्क्यू किया। टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

अजगर मिलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महादेव कॉलोनी की कई गलियों में स्ट्रीट लाइटों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण रात के समय अंधेरा रहता है। ऐसे में लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ जंगली जीवों से खतरा भी बना रहता है।

भाजपा शक्ति केंद्र प्रमुख सतीश कुमार ने कालका विधायक और नगर परिषद अध्यक्ष से वार्ड नंबर 18 की गलियों में जल्द स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त रोशनी होने से लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी और संभावित हादसों से भी बचाव हो सकेगा। उन्होंने लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।

#महादेव कॉलोनी में 10 से 12 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप